ग्रीनपार्क में दस से 15 सितंबर तक होने वाली रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मैच चार और पांच नंबर पिच पर खेले जाएंगे। 10 सितंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला मैच पिच नंबर पांच पर होगा। टीमों का कानपुर आना शुरू हो गया है।
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी-20 मैच को लेकर मंगलवार से टीमों के खिलाड़ियों का कानपुर आना शुरू हो गया है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर बुधवार को कानपुर आ जाएंगे और शाम को पांच बजे ग्रीनपार्क में अभ्यास भी करेंगे। हालांकि टीम इंडिया गुरुवार को आएगी।
विज्ञापन
वहीं, ग्रीनपार्क में मैच की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यास के लिए पिच भी तैयार हो गई है। बुधवार को पिच से कवर हटाया जाएगा। मैदान की साफ-सफाई का काम जोरों पर चल रहा है। स्टेडियम में दर्शक दीर्घा, न्यू प्लेयर्स पवेलियन, कमेंट्री बॉक्स, मीडिया सेंटर आदि जगहों पर काम शुरू हो गया है।
कंपनी के अधिकारियों ने भी ग्रीनपार्क पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। दोपहर दो बजे एडीएम सिटी अतुल कुमार ने कंपनी के अधिकारियों के साथ ग्रीनपार्क का निरीक्षण किया। दर्शक दीर्घा की तरफ जाकर वहां की सफाई व्यवस्था देखी। टूटी कुर्सियों की जल्द मरम्मत कराने को कहा। मीडिया सेंटर का भी निरीक्षण किया। बता दें कि होटल लैंडमार्क में इंडिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीम रुकेगी।