पुखरायां। बारिश के पानी से मलासा के समीप सेंगुर नदी पुल किनारे मिट्टी धंस जाने से सड़क कट गई थी। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी सक्रिय हुए और सड़क को दुरुस्त करवाया।
कानपुर-झांसी हाईवे पर देवीपुर चौराहा से मलासा होते हुए सेंगुर नदी पुल पार करके मूसानगर मुगलरोड तक लिंक मार्ग निकला है। इससे क्षेत्रीय ग्रामीणों के अलावा छोटे और बड़े वाहनों का आवागमन होता रहता है।
लगातार बारिश होने के कारण सेंगुर नदी का पुल एक तरफ सड़क समेत धंस जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। दो अगस्त को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर पीडब्लूडी के अधिकारी सक्रिय हुए और आरसीसी डालकर सड़क को दुरुस्त कराया।
इस दौरान पुल के दूसरे छोर पर भी मार्ग को सही कराया गया। अधिशासी अभियंता भगवानदास ने बताया कि मलासा गांव के पास सेंगुर नदी के पुल के किनारे धंसी सड़क की मरम्मत करा दी गई है।