रसूलाबाद। भोगनीपुर-बिल्हौर जाने वाले टू लेन स्टेट हाईवे (एसएच-114) की छह करोड़ से सेहत सुधरेगी। यह रास्ता ठीक होने से 20 हजार से ज्यादा वाहन सवारों को सहूलियत होगी। इससे व्यापार को रफ्तार भी मिलेगी।भोगीपुर-बिल्हौर स्टेट हाईवे आगरा एक्सप्रेस-वे और एनएच-19 की कनेक्टिविटी है। स्टेट हाईवे की मरम्मत के बाद से यहां जाना भी बहुत आसान हो जाएगा।
भोगनीपुर, झींझक, विषधन से बिल्हौर की ओर जाने वाले 20 किमी के रास्ते को शासन की ओर से स्टेट हाईवे का दर्जा दिया गया है। इस हाईवे से कन्नौज, फर्रुखाबाद, तिर्वा, बेला, औरैया, झींझक, असालतगंज, ककवन, बिल्हौर सहित दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन है। यह हाईवे रसूलाबाद से जीटी रोड को जोड़ता है। भारी वाहनों का आवागमन ज्यादा होने से सड़क कई जगह खराब हो गई है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता केसी वर्मा की ओर से प्रस्ताव बनाकर भेजा था। अब इसे छह करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही टेंडर कराकर इस पर काम शुरू कराया जाएगा।