कानपुर देहात। परहुली ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण में 13.44 लाख रुपये के गबन के मामले में पूर्व प्रधान और दो वीडीओ को नोटिस जारी किया गया है।
झींझक विकासखंड की ग्राम पंचायत परहुली के अजय सिंह, दुर्गा सिंह, अवधेश सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि ने विकास कार्य के नाम पर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग की शिकायत की थी। मामले की जांच भूमि संरक्षण अधिकारी से कराई गई थी।
जांच में पाया गया कि गांव में एलओबी (लेस ऑफ बेसलाइन) व एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) योजना अंतर्गत कई शौचालयों का निर्माण कराया ही नहीं गया, जबकि उन्हें कागजों पर पूरा दिखा दिया गया। ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण के नाम पर तत्कालीन ग्राम प्रधान अनिल चौहान, तत्कालीन ग्राम सचिव सुशील चौधरी व ग्राम विकास अधिकारी रविप्रताप सिंह ने 13.44 लाख रुपये की हेराफेरी की। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है।
अपर डीपीआरओ किरन सिंह ने बताया कि परहुली में शौचालय निर्माण के नाम पर धनराशि गबन करने के आरोप में पूर्व प्रधान व तत्कालीन दो ग्राम सचिवों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब न देने पर गबन का दोषी मानते हुए वसूली शुरू की जाएगी।