रसूलाबाद। तहसील क्षेत्र की सीमा पर स्थित पलिया बांसखेड़ा में पांडु नदी पुल के समीप सड़क का एक हिस्सा धंस गया। दुर्घटना की आशंका को लेकर तत्काल बैरिकेडिंग कराई गई। इसके बाद मिट्टी भरवाकर सड़क समतल की गई।
पांडु नदी पुल से पूरे दिन और रात में वाहनों की आवाजाही रहती है। बृहस्पतिवार रात में सड़क किनारे का हिस्सा धंसने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। आशंका जताई की सड़क दुरुस्त न की गई तो वाहन दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इस रास्ते से रसूलाबाद व बिल्हौर से वाहन तिश्ती होकर आते जाते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल बैरिकेडिंग कराई। थाना रसूलाबाद के प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग ने अभियंता को अवगत कराया। इसके बाद शुक्रवार सुबह लोक निर्माण विभाग के मेट महावीर ने सड़क धंसने वाले हिस्से में मिट्टी भराई कराई। इसके बाद कंक्रीट डलवाकर पक्का कराया। जेई प्रदीप ने बताया कि करीब दो मीटर गहरा गड्ढा हो गया था इसे ठीक करा दिया गया है।