कानपुर देहात। जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीमों ने शुक्रवार को 25 उर्वरक दुकानों में छापेमारी कर 17 नमूने लिए। पांच दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस दी गई। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीमों ने उर्वरक दुकानों पर छापा मारा।
उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव व तहसीलदार भोगनीपुर की टीम को आदर्श ट्रेडिंग कंपनी पुखरायां, श्याम ट्रेडर्स एवं तिवारी खाद भंडार बंद मिला। तीनों दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कृषक सेवा केंद्र पुखरायां एवं एग्री जंक्शन वन स्टॉप शॉप सिठमरा से उर्वरक के नमूने लिए गए। जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय व नायब तहसीलदार अकबरपुर रवींद्र कुमार मिश्र की संयुक्त टीम ने दीप सेल्स कॉरपोरेशन, सहयोगी ट्रेडर्स, सुशील ट्रेडर्स, रमेश बीज भंडार एवं महेश बीज भंडार से उर्वरकों के नमूने लिए।
शिव खाद भंडार में रेट, स्टॉक बोर्ड अद्यतन न मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक व तहसीलदार डेरापुर ने अश्विनी ट्रेडर्स मंगलपुर, निर्मल खाद भंडार मंगलपुर से डीएपी के नमूने लिए। गोपाल खाद भंडार से दो नमूने लिए गए, यहां स्टॉक, वितरण रजिस्टर एवं रेट बोर्ड अद्यतन न होने पर कारण बताओ नोटिस दी गई। जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।