उन्नाव के बीघापुर थाना क्षेत्र में सड़क पर अचानक आए मवेशियों के झुंड से बचने की कोशिश कर रहे बाइक सवार को लोडर ने टक्कर मार दी। दंपति व दो साल की मासूम की मौत हो गई। जबकि मासूम की मां घायल हो गई।
घटनास्थल से कुछ दूर पर चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाइक चला रहा युवक पत्नी साली और उसकी दो साल की बेटी को बाइक मेें बैठाकर बीमार सास को देखने जिला अस्पताल जा रहा था।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बरवट गांव निवासी किसान रामू (45) पुत्र शिव प्रसाद सोमवार देर शाम पत्नी सुमन देवी (40), बारा सगवर थाना क्षेत्र के भदिया गांव निवासी अपनी साली बिटोला व उसकी दो साल की बेटी काजल के साथ जिला अस्पताल में भर्ती सास को देखने जा रहा था।
रात 8:30 बजे उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बीघापुर बस स्टेशन के पास भारतीय स्टेट बैंक के पास छुट्टा मवेशियों से बचने का प्रयास कर रहा था तभी अनियंत्रित हो गई और अचलंगज से बीघापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में रामू उसकी पत्नी व साली की 2 वर्षीय पुत्री काजल की मौत हो गई।
बच्ची की मां बिटोला घायल हो गई। पुलिस ने सभी को आनन-फानन बीघापुर पीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टर ने दंपति और बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घायल बिटोला का इलाज चल रहा है। मृतक रामू खेती कर परिवार का गुजारा चलाता था।
उसकी और पत्नी की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि रामू की सास पहले पीएचसी बीघापुर में भर्ती थीं। सोमवार शाम को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उधर मां सुमन और पिता रामू की मौत से बेटी मोहिनी (13) रोहिणी (11) और बेटा करण (9) रो-रोकर बुरा हाल है।