कानपुर में सचेंडी के भाऊपुर रोड पर शनिवार रात सामने से आ रहे डंपर को साइड देने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। ट्रैक्टर सवार खेत की जुताई कर घर लौट रहे थे।
पुलिस ने मलबे में दबे दोनों के शवों को बाहर निकाला। सचेंडी के धर्मांगतपुर गांव निवासी हीरालाल (42) ट्रैक्टर मालिक होने के साथ ही चालक भी थे। शनिवार दोपहर वह पड़ोसी गांव कटरा घनश्यामपुर निवासी रवि सिंह (31) के खेत की जुताई करने गए थे।
रात करीब नौ बजे दोनों ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। तभी भाऊपुर रोड पर सामने से आ रहे डंपर को साइड देने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। खड्ड में पानी और कीचड़ होने के चलते दोनों मलबे में दब गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। पास के निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रवि ने बटाई पर लिया था खेत
हीरालाल के परिवार में पत्नी श्यामश्री के अलावा तीन बच्चे आरती, अरुण व सागर हैं। वहीं, रवि के परिवार में पत्नी रिंकी के अलावा तीन बच्चे पूनम, अजय और नब्या हैं। परिजनों ने बताया कि रवि ने हाल ही में दो खेत बटाई पर लिए थे। दोनों के शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।