दुर्घटनाग्रस्त पिकअप व ट्रक की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जिले के सरीला में चिकासी थाना क्षेत्र के चुरहा गांव के पास राठ उरई मार्ग पर ट्रक व पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़ भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।
जनपद जालौन के कोंच कस्बे के कांशीराम कॉलोनी निवासी श्याम बाबू (23) पिकअप से राठ की तरफ जा रहा था। तभी राठ उरई मार्ग पर चुरहा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। जिसमें पिकअप के परखच्चे उड़ गए। चालक श्याम बाबू वाहन में बुरी तरह फंस गया।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। थानाध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने बताया कि चालक के बुरी तरह से फंस जाने पर गैस कटर से पिकअप को काटकर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रक चालक के बारे में जानकारी की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।