फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार फौजी व उसके ममेरे भाई की मौत हो गई, जबकि सड़क पार कर रही एक महिला घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में मरे उत्कर्ष की ससुराल से दोनों लौट रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर निवासी उत्कर्ष सोमवंशी (30), फतेहगढ़ सेना में तैनात फुफेरे भाई अवनीश चौहान उर्फ शिवम (26) के साथ बाइक से ताजपुर ससुराल से लौट रहे थे। अवनीश का परिवार जमापुर हाइवे किनारे मकान बनाकर रह रहा है। रात करीब सवा आठ बजे वह गांव जा रहे थे। पूर्वी गौटिया के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। उसी दौरान सड़क पार कर रही गौटिया निवासी महिला संजू (35) भी चपेट में आने से घायल हो गई। सूचना के करीब पौन घंटे बाद पहुंची पुलिस घायलों को लोहिया अस्पताल लाई, जहां उत्कर्ष व अवनीश को मृत घोषित कर दिया गया।