ग्रीनपार्क मैदान में रन लेते रिंकू सिंह और शिवम शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले में रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपने बल्ले का कमाल दिखाया। उन्होंने 165 रनों की नाबाद पारी खेलकर आंध्र प्रदेश के खिलाफ उत्तर प्रदेश टीम को हार से बचाया और मैच ड्रा कराया। रिंकू की संघर्षपूर्ण पारी की बदौलत उप्र की टीम ने पहली पारी में एक रन की बढ़त हासिल कर तीन अंक अपने नाम किए। वहीं आंध्र प्रदेश को एक अंक मिला।
मैच के चौथे दिन उप्र की टीम ने छह विकेट पर 294 रनों से खेल की शुरुआत की। रिंकू सिंह ने 82 और विप्रराज ने 28 रन से आगे खेलते हुए सातवें विकेट के लिए 119 रनों की अहम साझेदारी निभाई। 42 रन पर विप्रराज के आउट होने के बाद शिवम शर्मा ने 38 रन जोड़कर रिंकू का साथ दिया और दोनों ने आठवें विकेट के लिए शतकीय जोड़ी बनाई।
शिवम के पवेलियन लौटने के बाद रिंकू ने शिवम मावी (20 रन) के साथ मिलकर टीम को 470 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया और 471 रन पर पारी घोषित की। इस तरह उप्र ने आंध्र प्रदेश पर एक रन की बढ़त हासिल की। रिंकू की इस जिम्मेदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।