डेरापुर (कानपुर देहात)। बुधवार को भाजपा के चलाए जा रहे मतदाता समर्थन अभियान के तहत इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल सिठमरा मंडल पहुंचे। वहां मौजूद किसानों ने राज्यमंत्री से धान की खरीदारी में धांधली का आरोप लगाया। राज्यमंत्री ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही।
राज्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए। वह पीसीएफ के फत्तेपुर धान क्रय केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे। केंद्र प्रभारी राजमुनि से खरीद के संबंध में जानकारी ली। वहां मौजूद किसानों ने धान की खरीदारी में धांधली का आरोप लगाया। बताया कि व्यापारियों के धान की खरीदारी की अपेक्षा किसानों के धान की खरीद कम की जा रही है। केंद्र पर व्यवस्था ठीक नहीं है। इसी बात पर राज्यमंत्री भड़क गए और एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी को निर्देश दिए कि केंद्र पर धान खरीदारी की जांच कराएं। उन्होंने कहाकि बिचौलियों के माध्यम से की जा रही खरीद की शिकायत सही पाई जाए, तो ऐसे लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएं। इस दौरान अखिलेश कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, अवधेश कमल, आशीष मिश्रा, पंकज चौहान, राजकुमार कुशवाहा, अजीत कटियार, रमेशचंद्र, राघवेंद्र सिंह, ब्रजकिशोर बाथम आदि मौजूद रहे।