यह था मामला
अपना दल एस के तीसरी बार जिलाध्यक्ष बने नवीन श्रीवास्तव के स्वागत में बर्रा में बाइक रैली निकाली गई। रैली बर्रा थाना क्षेत्र के जरौली फेज वन में हिस्ट्रीशटर अजय ठाकुर की गली में पहुंची। यहां अजय और उसके साथियों ने शोर शराबे को लेकर उनका विरोध करते हुए हमला बोल दिया था। लोहे की रॉड से किए गए हमले में कुछ बाइकें व स्कूटी टूट गई थीं। जबकि, आर्यन कटियार व कन्हैया घायल हुए थे। हालांकि, आर्यन का एक हलफनामा वायरल रहा, जिसमें उसे पिटाई से नहीं बल्कि रैली के दौरान गाड़ी से गिरने से चोट लगने की बात कही गई है।
आरोपियों के परिजन पहुंचे डीसीपी कार्यालय
आरोपी अजय ठाकुर व अन्य आरोपियों के भी परिजन बुधवार को एक साथ डीसीपी साउथ से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। आरोपी अभय भदौरिया के परिजन का कहना है कि जिस समय धमकाने की बात कही जा रही है, उसके एक हफ्ते बाद अभय जेल से बाहर आया था। डीसीपी ने साफ किया कि केस दर्जकर आरोपी को कोर्ट के सामने पेश करना पुलिस का काम है। उनपर आरोप सिद्ध करना या न करना कोर्ट का काम है। उन्होंने सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही। मदद करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो जारी कर अजय बोला, फंसाया जा रहा
गैंगस्टर अजय ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें उसने केस में फंसाए जाने की बात कही है। उसने दावा किया है कि छेड़छाड़ की पीड़िता को धमकाने के जिस केस में उसे नामजद किया जा रहा है, उस घटना के वक्त व जेल में था। उसका कहना है कि जेल में वह और उसके साथी बंद थे लेकिन जबरन उसे फंसाया जा रहा है। वहीं, पथराव व जानलेवा हमले के मामले में भी उसका कहना है कि बाइक सवारों ने उससे गाली गलौज किया था। विरोध करने पर मारपीट की और बचाव में उसने हमला किया। पुलिस ने अजय, अर्पित, शिवांग, अभय भदौरिया, आकाश द्विवेदी, साहिल सोनकर, गौतम मोगा व अन्य के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमले व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। इनकी तलाश की जा रही है।