यूपी के महोबा जिले में कोतवाली क्षेत्र के चुरबरा गांव में खेत की रखवाली कर रहा किसान संदिग्ध रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ने गांव निवासी रिटायर्ड दरोगा पर जान से मारने की नियत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस जांच में जुट गई है।
गांव निवासी मूलचंद्र (60) पुत्र मंगी बुधवार रात खेतों की रखवाली कर रहा था। तभी खेत में आवारा जानवर घुसने उन्हें खदेड़ने लगा। पीड़ित ने रिटायर्ड दरोगा पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि रिटायर्ड दरोगा ने गांव में जमीन खरीदी है, दबंगई कायम रखने के लिए उसने उस पर गोली चलाई। पीड़ित ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली में दी है। कोतवाली प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि मामला संदिग्ध है, जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया पैर में गोली लगने का घाव नहीं है। फिर भी पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।