फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में गांव विराहिमपुर जागीर में मंगलवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए पथराव व फायरिंग के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित दोनों पक्षों के 20 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने एक पक्ष से तीन व दूसरे से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव विराहिमपुर जागीर में सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के लिए पुष्टाहार वितरित किया जा रहा था।
तभी वहां पुष्टाहार लेने पहुंचे युवक का आंगनबाड़ी सीता व उनके भतीजे से विवाद हो गया था। मंगलवार दोपहर दोनों पक्षों में फिर से विवाद होने पर पथराव व फायरिंग होने लगी। इसी दौरान वहां सब्जी खरीद रहा गांव का ही सुनीत(22) गोली लगने से घायल हो गया था।
पुलिस की मानें तो सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो दोनों ओर से पथराव व फायरिंग हो रही थी। फायरिंग से पुलिस कर्मी भी बाल-बाल बच गए। इस मामले में इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने एक पक्ष के पूर्व प्रधान बबलू, रंजीत सिंह, रमन सिंह, अरविंद सिंह, महिपाल सिंह, यशवीर, अनुज कुमार, मिंटू, भूरा, विकेश, दूसरे पक्ष के पंकज, नीरज, आशीष, भूरा, इंतजार, धर्मू, गुरमीत, अमित, सैनी व बृजेश के खिलाफ मारपीट मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने गांव से रंजीत, महिपाल, अनुज व दूसरे पक्ष के आशीष को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।