कानपुर। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी बैंक के मैनेजर व एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस के सीईओ, चार डायरेक्टरों समेत कुल नौ पर धोखाधड़ी, साजिश और धमकाने की न्यायालय के आदेश पर सेनपश्चिम पारा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सेन पश्चिम पारा के न्यूआजाद नगर चौकी के आरा मशीन रोड गोपाल नगर निवासी शिवप्रसाद उत्तम ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उनकी बेटी शशि उत्तम ने गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी के दौरान 25 फरवरी 2021 को हरियाणा के सोहना गुरुग्राम सेंट्रल पार्क फ्लावर बैली सेक्टर में एक फ्लैट खरीदा था जिसके लिए एचडीएफसी हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन बैंक से 35 लाख रुपये का लोन लिया था। शशि किसी सरकारी बैंक से लोन लेना चाहती थी। आरोप है, कि लेकिन एचडीएफसी हाउसिंग डेवलेपमेंट फाइनेंस की ब्रांच मैनेजर भावना भार्गव, एचडीएफसी एग्रो जनरल इंश्योरेंस के सीईओ अनुज त्यागी, चीफ फाइनेंस ऑफिसर (सीएफओ) समीर एच शाह, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन केकी एम मिस्त्री, डायरेक्टर मेहर नोश बी कपाडिया, डायरेक्टर अमित पी हरियाणी, डायरेक्टर विनय संघी, डायरेक्टर रेणू सूद, मैनेजमेंट क्लेम डिपार्टमेंट ऑफ एग्जीक्यूटिव अनुराग रस्तोगी ने फायदे के चक्कर में बेटी के साथ धोखाधड़ी की। सभी ने मिलकर झांसा दिया कि आवेदक की मौत हो जाने पर पूरा लोन माफ कर दिया जाएगा। बेटी के मना करने पर बावजूद बैंक की दूसरी शाखा से जबरन 1,09,329 रुपये का प्रीमियम लेकर लोन का इंश्योरेंस कर दिया। 10 फरवरी 2025 को सीने में अचानक दर्द होने के बाद बेटी की मौत हो गई। जिसकी जानकारी पिता शिवप्रसाद ने ब्रांच मैनेजर भावना भार्गव को दी। उन्होंने लोन माफी क्लेम से संबंधित सभी दस्तावेज कंपनी के नोएडा कार्यालय में जमा कर दिए। इसी दौरान उनके मोबाइल पर क्लेम रिजेक्ट होने का एसएमएस आया। जिस पर वह नोएडा स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां बैंक अधिकारियों ने कहा कि क्लेम रिजेक्ट करने का काम मुंबई के अधिकारी करते हैं। वह अब कुछ नहीं कर सकते। विरोध पर सभी ने मिलकर गालीगलौज शुरू कर पत्नी व उनके साथ मारपीट का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार सेनपश्चिम पारा थाने के साथ उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की लेकिन पुलिस ने घटनास्थल नोएडा बताकर कार्रवाई से इन्कार कर दिया। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि घटनास्थल नोएडा और गुरुग्राम है। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले को घटना से संबधित थानाक्षेत्र को स्थानांतरित किया जाएगा।