आईआईटी के असिस्टेंट प्रोफेसर व उसके परिवार वालों के खिलाफ उनकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी व छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला मीडिएशन में गया। वहां नहीं सुलझा तो साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर आईआईटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर व उसके परिवार वालों के खिलाफ उनकी पत्नी ने कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी व छेड़खानी समेत अन्य धाराएं केस में लगाई गई हैं। एफआईआर के मुताबिक जनवरी 2013 में असिस्टेंट प्रोफेसर की शादी वाराणसी निवासी युवती से हुई थी।
विज्ञापन
आरोप है कि शादी के बाद पति व अन्य ससुराल वाले दहेज में पचास लाख रुपये व लग्जरी कार की मांग करने लगे। इसे लेकर कई बार विवाद हुआ। आरोप है कि वह उनको छोड़ना चाहते थे लेकिन उनकी पत्नी किसी तरह से उनके साथ रहीं। जब आईआईटी में नियुक्ति हुई तो वह परिवार संग रहने लगीं।
आरोप है कि देवर ने उनसे छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत आईआईटी के सिक्योरिटी विभाग में भी की थी। इसके पहले मारपीट की भी शिकायत की थी। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला मीडिएशन में गया। वहां नहीं सुलझा तो साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।