यूपी के उन्नाव जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव पीड़ा से छटपटा रही महिला को स्टाफ नर्स ने आधार कार्ड साथ न लाने पर अस्पताल में भर्ती करने से मना कर दिया। महिला लगभग एक घंटे तक एंबुलेंस में ही दर्द से तड़पती रही। परिजनों के हंगामा करने व आला अधिकारियों से शिकायत की धमकी पर स्टाफ नर्स ने उसे भर्ती तो किया लेकिन कुछ देर बाद ही उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्रसव के बाद नवजात बच्चे की मौत हो गई।
औरास के मढ़िया गांव निवासी नीलम (24) पत्नी रंजीत कुमार को मंगलवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजन औरास पीएचसी लेकर पहुंचे थे। पीएचसी के जननी सुरक्षा वार्ड में परिजनों ने जब स्टाफ से संपर्क किया तो उन्होंने बिना आधार कार्ड के भर्ती करने से मना कर दिया। परिजनों ने घर से आधार कार्ड लाने की बात कह नीलम को भर्ती करने की गुहार लगाई लेकिन स्टाफ नर्स ने कुछ भी सुनने से इनकार कर दिया।