छात्रा के बयान दर्ज होने के बाद केस की विवेचक व एसआईटी की अध्यक्ष एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह ने करीब पंद्रह पन्नौं के विस्तार से दिए उन बयानों को देर शाम तक कोर्ट में पढ़ा। अब माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सकती है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे एडीसीपी ट्रैफिक की अगुवाई में बनी एसआईटी भारी सुरक्षा के बीच पीड़ित छात्रा को कचहरी लेकर पहुंची। कोर्ट रूम में 11:35 बजे बयान दर्ज होना शुरू हुआ। शाम 4:35 बजे तक बयान दर्ज हुए। साढ़े पांच घंटे में यौन शोषण पीड़ित छात्रा ने विस्तार से बयान दर्ज कराए।
इस दौरान कई बार वह झल्लाई। कई बार उसने पानी पिया और बयान देने के दौरान कई बार मोहसिन का नाम लेते-लेते लड़खड़ा गई। बयान दर्ज होने के बाद माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही मोहसिन को गिरफ्तार कर सकती है।
बता दें, एसीपी मोहसिन के खिलाफ छात्रा ने आठ दिन पहले आईआईटी प्रशासन से शिकायत की थी। आईआईटी प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच कराई थी। जांच में आरोप कुछ हद तक सही मिले तो पुलिस कमिश्नर को इसकी जानकारी दी गई। बताया जाता है कि इसी के बाद छात्रा ने कल्याणपुर पुलिस को तहरीर दी और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा मोहसिन, रजिस्टरों में एंट्री भी मिली
छात्रा के कोर्ट में अपने बयान पर कायम रहने के साथ ही साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही पुलिस को सबूत मिलने भी शुरू हो गए हैं। आईआईटी से ली गई हॉस्टल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में मोहसिन दिखाई दिए हैं। कुछ जगह पर दोनों साथ में भी दिखे हैं। साथ ही आईआईटी के विभिन्न एंट्री प्वाइंट्स पर उनके परिसर में दाखिल होने और उससे बाहर निकलने के साक्ष्य मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी कुछ और कर्मचारियों के बयान होने बाकी हैं। अब उन जगहों से भी साक्ष्य जुटाए जाएंगे, जहां-जहां मोहसिन और छात्रा का साथ आना-जाना हुआ था।
27 नवंबर को सच्चाई आई सामने
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि मोहसिन से करीबी के दौरान कुछ साथी छात्रों ने उम्र का हवाला देकर दूरी बनाने को कहा था। हालांकि मोहसिन ने अपनी बातों से इतना प्रभावित कर लिया था कि उसे किसी और की कही बात समझ ही नहीं आई। झूठ पकड़े जाने के बाद भी तलाक लेकर शादी की बात कहने से उम्मीद बंधी रही लेकिन जब उसकी पत्नी ने तलाक न देने और दूसरी शादी की बात कही तो वह हिल गई। इस बीच 27 नवंबर को मोहसिन पिता बना तो सच्चाई सामने आई।
छात्रा बोली, मेरे पास एसीपी से बातचीत के सैकड़ों ऑडियो
पकड़े जाने के बाद भी एसीपी ने छात्रा को समझा लिया। छात्रा ने भी उसकी बातों को कुछ हद तक मान लिया लेकिन जब उसे पता चला कि वह उसे साइको बताकर खुद को पाक साफ दिखाने की कोशिश कर रहा है तो वह हिल गई। उसने कहा कि उसके पास एसीपी से बातचीत के सैकड़ों ऑडियो-वीडियो हैं। व्हाट्सएप चैटिंग भी है जो यह साबित करेगी कि मोहसिन ने उससे क्या-क्या कहा और कितने झूठे वायदे किए।
पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज हो चुके हैं। उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी भी की जाएगी। अखिल कुमार, पुलिस कमिश्नर