प्रयागराज में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी के निधन पर धर्मनगरी चित्रकूट के संत महंत शोकाकुल हो गए हैं। दो माह पूर्व ही वह धर्मनगरी चित्रकूट में दो दिन प्रवास कर जगद्गुरु रामभद्राचार्य से लेकर कई साधुसंतों व आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भी मुलाकात की थी।
सभी ने एक स्वर में कहा कि महंत नरेंद्र गिरी का चित्रकूट से बेहद नजदीकी संबंध रहा। मठ मंदिरों से लेकर संतों के किसी भी मामले में वह खुद चित्रकूट आते थे और निराकरण कराते थे।
सोमवार को जैसे ही यह खबर मिली कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी का निधन हो गया है तो जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि ऐसा हो गया। वह आपस में बेहद प्रेम व श्रद्धा रखते थे। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष बनने के बाद वह धर्मनगरी आकर सभी संतों से मिले थे। उनके स्वभाव में सबके लिए प्रेम भाव ही था।