मौसम नौबस्ता बाईपास पर अपनी मां के साथ पैदल जा रहा बच्चा तेज धूप में मां की चुन्नी अपना सर ढक लिया।
स्मार्ट सिटी का प्रदूषण और तापमान मानक मीटर शहर के 50 चौराहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ पारे की स्थिति का भी हर पल का अपडेट दे रहा है। इस मीटर पर सोमवार दोपहर 3:40 बजे रामादेवी चौराहा सबसे गरम रहा। यहां तापमान 43.96 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह फूलबाग 43.61 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरे नंबर पर रहा। हालांकि, सीएसए स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर शहर का औसत अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अलग-अलग क्षेत्रों में वहां की स्थिति के अनुसार तापमान में भी उतार-चढ़ाव होता है। सीएसए के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉॅ. नौशाद खान ने बताया कि यहां से तापमान का जो आंकड़ा जारी किया जाता है, वह औसत होता है। स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए मीटर स्मार्ट फोन की तरह हर पल का अपडेट देते हैं। इस पर सोमवार दोपहर 3:40 बजे गोल चौराहे पर 39.89, किदवईनगर में 40.69, फजलगंज में 41.39, दीप टॉकीज चौराहे पर 40.02, नौबस्ता में 39.86, सिंहपुर बिठूर में 42.88, सचान चौराहे पर 43.91 मोतीझील में 41.62, जरीब चौकी में 41.83, भैरोघाट में 38.49, जाजमऊ में 40.43, आईआईटी तिराहे पर 41.40 और मैनावती मार्ग पर 41.18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर, सीएसए से जारी औसत अधिकतम तापमान के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में दशमलव छह का उछाल दर्ज किया गया। न्यूनतम औसत तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार से दशमलव आठ कम रहा।
स्मार्ट सिटी के मीटर पर ऐसे देखें तापमान
स्मार्ट सिटी के प्रदूषण और तापमान मीटर पर अपने क्षेत्र का तापमान या वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) वेबसाइट kanpursmartcity.org पर जाकर आप भी देख सकते हैं। इस पर एन्वायरमेंटल सेंसर पर क्लिक कर 50 चौराहों पर तापमान और प्रदूषण की ताजा स्थिति जानी जा सकती है।