राजपुर (कानपुर देहात)। थाने आयी जैनपुर की किशोरी को पूछताछ के दौरान धमकाने वाले राजपुर इंस्पेक्टर को बुधवार को एसपी ने निलंबित कर दिया। सीओ की प्रारंभिक जांच में धमकाने की बात सही पाई गई है।
जैनपुर निवासी महेश उर्फ बर्रा की बेटी मानसी उर्फ प्रांजलि (16) ने रिश्तेदार फौजी की पत्नी का फोटो व मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसकी शिकायत महिला ने राजपुर थाने में की थी। इस पर पुलिस नेे मानसी उर्फ प्रांजलि को थाने में बुलाकर पूछताछ की थी। 29 अगस्त को थाने से लौटने के बाद डरी किशोरी ने घर आकर जहर खा लिया था।
जानकारी पर पुलिस ने किशोरी को राजपुर पीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल और फिर गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया था। वहां आईसीयू में किशोरी का उपचार चल रहा है। किशोरी की मां नीलम ने इंस्पेक्टर पर बेटी को धमकाने का आरोप लगाया तो नया मोड़ आ गया था। इसे गंभीरता से लेकर प्रकरण में डीएम ने जांच के लिए एसडीएम सिकंदरा व तहसीलदार की टीम गठित की थी।
वहीं एसपी ने इंस्पेक्टर की भूमिका की जांच सीओ भोगनीपुर प्रभात कुमार को सौंपी। जांच टीमों ने राजपुर इंस्पेक्टर, पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों के बयान लिए थे। महिला डेस्क की सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई गई। इसमें प्रभारी निरीक्षक कुछ दूरी पर बैठे दिख रहे हैं। प्रारंभिक जांच में किशोरी को धमकाने का आरोप सही पाया गया। इसको लेकर एसपी केशव कुमार चौधरी ने राजपुर इंस्पेक्टर विनोद कुमार को निलंबित कर दिया।
किशोरी को धमकाने का आरोप जांच में सही पाया गया है। इसी आधार पर राजपुर के इंस्पेक्टर विनोद कुमार को निलंबित किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - केशव कुमार चौधरी, एसपी कानपुर देहात
एसडीएम व सीओ लाइन ने लिए किशोरी के बयान
राजपुर। जहर खाने से किशोरी की हालत बिगड़ गई थी। कानपुर के हैलट आईसीयू में भर्ती होने पर किशोरी से घटना को लेकर जानकारी नहीं मिल पा रही थी। बुधवार को किशोरी की हालत में कुछ सुधार हुआ। हालांकि अभी उसे ऑक्सीजन सपोर्ट दिया रहा है। दोपहर बाद एसडीएम रसूलाबाद अंजू वर्मा व सीओ लाइन तनु उपाध्याय ने हैलट पहुुंच कर किशोरी के बयान लिए।
एसडीएम को किशोरी ने बताया कि पुलिस ने उसे दो दिन तक लगातार बुलाकर पूछताछ की थी। पहले दिन शनिवार को बुलाया था इसके बाद रविवार को फिर से बुलाकर करीब आधे घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद जाने को कहकर एक घंटे फिर थाने आने की बात कही थी।