फतेहपुर के रमवां रेलवे क्रासिंग पर तैनात गेटमैन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरुवार रात टार्च से लाइन क्लियर का सिग्नल देकर गेटमैन सो गया। कई घंटे तक ट्रेनें टार्च की रोशनी को सिग्नल मानकर गुजरती रहीं। रेलवे फाटक बंद होने से वाहनों की लाइनें लग गईं।
जाम बढ़ता देख सुबह करीब छह बजे पीआरवी टीम पहुंची तो गेटमैन सोता मिला। लापरवाही में गेटमैन को निलंबित कर जांच बैठा दी गई है। सोशल मीडिया में इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ है। दिल्ली-हावड़ा रूट पर हसवा के रमवां में गेट नंबर-47 पर गुरुवार रात गेटमैन आरके शर्मा ड्यूटी पर था।