कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन की तैयारियों को परखने के लिए राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री व पूर्व सांसद रघु शर्मा 11 अगस्त को शहर आएंगे। वह 17 अगस्त तक प्रवास करेंगे। जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि रघु शर्मा को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से कानपुर शहर और ग्रामीण का पर्यवेक्षक बनाया गया है। वह कानपुर शहर एवं ग्रामीण की सभी दस विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की गहराई को समझेंगे। बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भूमिका की जानकारी लेकर रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपेंगे।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
रघु शर्मा स्वतंत्रता दिवस पर तिलक हॉल से निकलने वाले कांग्रेस के परंपरागत जुलूस में शामिल होंगे। झंडारोहण कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे।