रक्षा उत्पादन सचिव और डिप्टी डायरेक्टर जनरल ने ओईएफ और पैराशूट का किया निरीक्षण
केंद्रीय रक्षा उत्पादन सचिव अशोक कुमार गुप्ता और डिप्टी डायरेक्टर जनरल रॉबिन कुलश्रेष्ठ ने मंगलवार को कानपुर, फूलबाग स्थित आर्डनेंस इक्यूपमेंट फैक्ट्री (ओईएफ) और चकेरी स्थित पैराशूट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उत्पादन क्षमता के साथ ही फौजियों के लिए तैयार होने वाले सामान की क्वालिटी भी परखी। इसके पहले सोमवार को भी दोनों अधिकारियों ने अर्मापुर स्थित फील्ड गन फैक्ट्री और ओएफसी का निरीक्षण किया था।
मंगलवार को दोनों अधिकारी सबसे पहले फूलबाग स्थित आर्डनेंस इक्यूपमेंट फैक्ट्री (ओईएफ) पहुंचे। सुबह 10 से एक बजे तक चले निरीक्षण में उन्होंने टेक्सटाइल और लेबोरेट्री सेक्शन का दौरा किया। टेक्सटाइल सेक्शन में उन्होंने फौजियों के लिए तैयार होने वाली जैकेट, स्वेटर, वर्दी, बेल्ट, कंबल आदि की गुणवत्ता परखी। लेदर सेक्शन में सैनिकों के जूते बनते देखे। यहां ओईएफ की ओर से उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। ओईएफ के जीएम डीके श्रीवास्तव ने कुछेक नए उत्पादों की भी जानकारी दी। लंच के बाद करीब तीन बजे दोनों अधिकारी पैराशूट फैक्ट्री पहुंचे। यहां पैराशूट की कटिंग असेंबलिंग वाला सेक्शन देखा। पैराशूट की क्वालिटी को लेकर सवाल जवाब किए। सूत्र बताते हैं कि करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण और मीटिंग में उन्होंने मैन पॉवर, उत्पादन क्षमता, वर्तमान के आर्डर और क्वालिटी आदि की जानकारी ली। 2016-17 की लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति व लक्ष्य में कमी आने की वजह पूछी।
नहीं मिल सके यूनियन नेता
इंटक समेत कई संगठनों ने रक्षा उत्पादन सचिव से मुलाकात का प्रयास किया लेकिन वे किसी भी यूनियन लीडर से नहीं मिले। यूनियनों के पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित विषय पर वे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाना चाहते थे लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया गया।