शहर कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर चौराहे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक स्कूटी सवार सोमवार सुबह पेट्रोल डलवाने के लिए पहुंचा। 200 रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद उसने दो हजार का नोट दिया, तो पंपकर्मी ने लेने से इनकार कर दिया। युवक ने जब पंपकर्मी से कहा कि सरकार ने 30 सितंबर तक 2000 का नोट चलन में रखा है तो उसने छुट्टे रुपये खुले न होने की बात कहते हुए स्कूटी से पाइप डालकर पेट्रोल वापस निकाल लिया। युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दूसरी ओर, पेट्रोल पंप के मैनेजर का कहना है कि उनके पास छुट्टे रुपये नहीं थे, इसलिए ऐसा करना पड़ा।
पेट्रोल पंप पर लगाया दो हजार के छुट्टा न होने का नोटिस
शहर के स्टेशन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप संचालक ने तो पंप पर नोटिस चस्पा कर दिया है। लिखा है कि दो हजार के छुट्टे नहीं हैं। इस पर लोग दो हजार के नोट लेकर यहां वहां घूमते नजर आ रहे हैं।