कानपुर देहात। परिवहन निगम द्वारा लोगों को महंगे किराये के खर्च से बचने के लिए चलाई गई जनता बस सेवा को समय से चलाने के लिए चालकों व परिचालकों को निर्देश जारी किए हैं। एआरएम ने समय सारणी को जारी करते हुए चालकों को समय पर निर्धारित स्टॉप पर पहुंचने को कहा है। जिससे यात्रियों को समस्या न हो।
अक्तूबर माह में सिटी बसों के बंद होने से कानपुर तक की यात्रा करने वाले छात्रों, व्यापारियों व दैनिक यात्रियों को समस्या हो रही थी। इन्हें दो गुना अधिक किराया देकर ऑटो व डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ रहा था। इधर मांग पर दिसंबर माह में जनता बस सेवा के शुरू होने से लोगों को राहत तो मिली लेकिन कुछ ही दिनों में बसों के समय पर न पहुंचने से लोगों को एक बार फिर से डग्गामार वाहनों की तरफ रुख करना पड़ा। अमर उजाला ने बेवक्त आती है जनता की बस, डग्गामार के भरोसे बेबस यात्री शीर्षक के साथ 17 जनवरी के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। एआरएम ने खबर का संज्ञान लेते हुए चालकों को बसें समय पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
एआरएम मोहम्मद अशफाक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यात्रा के दौरान समस्या न हो, इसके लिए जनता बस सेवा संचालन शुरू किया है। जांच के दौरान पता चला कि रूरा मार्ग पर चलने वाली बसें समय पर नहीं चल रही हैं। इसके लिए चालकों को समय में सुधार करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी अगर सुधार नहीं होता है तो उनके स्थान पर नए चालकों को भर्ती कर रूट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कहा कि रूरा से फजलगंज के लिए सुबह 7:30 बजे, सुबह 9:30 बजे व दोपहर 12:30 और दोपहर में 1:30 बजे बस का समय निर्धारित है। इसके अलावा मूसानगर रूट पर सुबह 7:45 बजे, सुबह 9:15 बजे और दोपहर 12:45 व दोपहर 1:45 बजे फजलगंज के लिए रवाना होगी। वहीं लकोटिया से रावतपुर के लिए चलने वाली बस सुबह 6:30 बजे चलकर सुबह 9:30 बजे रावतपुर पहुंचेगी और शाम को 5:00 बजे चलकर रात 8:00 बजे पहुंचकर लकोटिया में हाल्ट करेंगी।