प्रदेश में भी सचिन तेंदुलकर, मैरीकॉम, सानिया मिर्जा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार ने निजी क्षेत्र और खेल संघों से हाथ मिलाने की तैयारी की है।
इनके सहयोग से कानपुर समेत पूरे प्रदेश में खेल अकादमी बनाने का प्रस्ताव तमाम खेल संघों और कारपोरेट घरानों को भेजा गया है। वहीं खेल संघों ने सरकार की नीति का स्वागत करते हुए इसे अच्छी पहल बताया है। उनका कहना है कि ऐसा होने से तमाम खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेर सकेंगे।
प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग डॉ. अनीता भटनागर जैन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि अकादमी बनाने का प्रमुख उद्देश्य है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक या खिताब जीते।
खेल अकादमी बनाने के लिए भूमि शासन उपलब्ध कराएगा। इंडोर खेलों के लिए एक से दो एकड़ और आउटडोर खेलों के लिए तीन से पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
भूमि का आवंटन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति की ओर से किया जाएगा। यूपी एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन की ओर से 8 फरवरी को पत्र मिला है।
खेल संघ की मदद से खेल अकादमी और खिलाड़ियों को तैयार करना बेहद अच्छी योजना है। बॉक्सिंग एसोसिएशन जल्द ही इस संबंध में शासन को अपना प्रस्ताव भेजेगा। यूपी ओलंपिक संघ के जनरल सेक्रेटरी आनंदेश्वर पांडेय का कहना है कि खेल और खिलाड़ी के विकास की ओर सरकार ने कदम बढ़ाया है।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन संजय कपूर का कहना है कि नई सोच का स्वागत होना चाहिए। सरकार का ये अच्छा कदम है।