जाजमऊ तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर के बाहर शुक्रवार देर रात पुजारी शिवनंदन
(60) की हत्या कर दी गई। उनके सिर पर गहरी चोट है। माना जा रहा है कि सिर
पर भारी चीज के प्रहार से हत्या की गई है लेकिन पुलिस गोली मारने की बात से
भी इंकार नहीं कर रही है। एसएसपी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में प्रापर्टी का विवाद सामने आ रहा है।
अविवाहित
शिवनंदन कुशवाहा नर्वल के महरौली गांव के निवासी थे और जाजमऊ में दुर्गा
मंदिर तथा सिद्धनाथ मंदिर की सेवा करते थे। इसके साथ ही उनकी चाय की दुकान
भी थी। इलाके के लोग उन्हें पुजारी जी कहते थे।
शिवनंदन रोज रात मंदिरों
की सेवा करने के बाद सिद्धनाथ घाट में गंगा किनारे जाकर सो जाते थे लेकिन
शुक्रवार रात वे मंदिर के बाहर ही सो गए। पता चला है कि देर रात स्कूटी से
तीन लोग आए थे और सोते में ही पुजारी के सिर पर वार करके हत्या कर दी।
चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि पता चला है कि शिवनंदन की गांव में काफी जमीन
है। इसको लेकर विवाद चल रहा था। देर रात एसएसपी, क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक
टीम भी मौके पर पहुंची।
एसएसपी का कहना है कि वारदात में किसी जानकार का ही
हाथ लग रहा है। प्रापर्टी के बिंदु पर छानबीन शुरू की जा रही है। दो भाई
और भतीजे आस-पास ही रहते हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।