राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मित्र केके अग्रवाल के साथ
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पत्नी सविता कोविंद और बेटी स्वाती के साथ अपने घनिष्ठ मित्र कानपुर कपड़ा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष केके अग्रवाल से मिलने शनिवार शाम उनके गोल्फ कोर्स स्थित आवास पहुंचे। बीमार दोस्त का हालचाल पूछने के बाद राष्ट्रपति ने दोस्त की 51 वीं शादी की सालगिरह को केक काटकर यादगार बना दिया।
मित्र और उनकी पत्नी वीणा अग्रवाल को उपहार भी दिए। इस दौरान घर में एक जश्न जैसा माहौल हो गया। कोविंद अपने मित्र अग्रवाल के घर करीब डेढ़ घंटे रहे। आपसी शिष्टाचार भेंट के बाद केके अग्रवाल और पुराने मित्र मधुसूदन गोयल के साथ अलग कमरे में एक घंटा तक बीते दिनों की यादें ताजा कीं।
बीमार चल रहे मित्र के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और फिर जल्द ही आने की बात कहकर करीब पौने 8 बजे राष्ट्रपति सर्किंट हाउस के लिए रवाना हो गए है। केके अग्रवाल के बेटे विकास अग्रवाल ने बताया कि ऐसा लग ही नहीं रहा था कि देश के राष्ट्रपति घर पर है।
पूरा पारिवारिक माहौल था। पिता और राष्ट्रपति ने तालियां बजा बजाकर पुराने दिनों की यादें ताजा कीं। राष्ट्रपति के साथ इन मीठे पलों के गवाह मां वीणा अग्रवाल, पत्नी स्वाति अग्रवाल, बेटी वेदिता, बेटा वेदांत, भाई वैभव, विराट के अलावा विजय पंडित, संजीव कपूर भी बने।