राष्ट्रपति की कानपुर यात्रा: पत्नी सविता के साथ कोविंद
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को ठीक 18 माह बाद अपने शहर कानपुर पहुंचे। वह यहां तीन दिन रहेंगे। उनके साथ पत्नी सविता कोविंद और बेटी स्वाती भी आई हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेंट्रल स्टेशन पर उनकी अगवानी की। स्वागत करने वालों में सांसद व विधायक भी शामिल रहे।
ट्रेन से उतरकर राष्ट्रपति सपरिवार राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री लखनऊ लौट गए। राष्ट्रपति ने अपने परिवार के साथ सर्किट हाउस में विश्राम किया। शनिवार को उनका दिन शहरवासियों से मुलाकात में बीतेगा। राष्ट्रपति सुबह दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रेसिडेंशियल ट्रेन महाराजा एक्सप्रेस से कानपुर के लिए रवाना हुए थे।
विशेष ट्रेन जिन शहरों से गुजरी, देखने वालों का घरों की छतों, रेलवे स्टेशन और पटरी किनारे दूर तक तांता लगा रहा। ट्रेन के आगे-पीछे दो छोटी ट्रेनें एस्कॉर्ट करती रहीं, जबकि आसमान से सेना के हेलीकॉप्टर ट्रेन पर नजर बनाए हुए थे। इसी तरह सड़क मार्ग पर भी ट्रेन के समानांतर रूट पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस राष्ट्रपति सुरक्षा का विशेष दस्ता चल रहा था।