कानपुर। मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बहाने भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी के तहत बुधवार को केशवनगर स्थित पार्टी के दक्षिण कार्यालय में बैठक हुई।
इसमें भाजपा बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि बूथ पर भाजपा और विपक्षी दलों के समर्थक कितने हैं इसका आकलन कर सूची तैयार करें। घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और घुसपैठियों को चिह्नित करें।
उन्होंने कहा कि बूथ पर भाजपा समर्थक कितने नए मतदाता आए और कितने बाहर गए इसका डाटा तैयार करें। विपक्षी दलों के समर्थकों से संपर्क कर उन्हें भी भाजपा से जोड़ने का प्रयास करें। जो महिलाएं विवाह के बाद क्षेत्र में आकर रह रही है उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराएं।
बूथ पर निवास करने वाले 80 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता एवं 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करें। बैठक में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम बहादुर, रघुनंदन भदौरिया, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, पंकज द्विवेदी, अर्जुन बेरिया, अरविंद वर्मा, विनोद मिश्रा, बिट्टू परिहार, दीपांकर मिश्रा, विनीत दुबे, दीपू पासवान आदि मौजूद रहे।