कानपुर। सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में डीएम जेपी सिंह ने सीएम डैश बोर्ड पर प्रदर्शित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान खराब प्रदर्शन पर डीसी एनआरएलएम पर अनुशासनहीनता (एडवर्स एंट्री) की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को अवकाश न देने की बात कही।
समीक्षा के दौरान विद्युत निगम की ओर से बिल सुधार में लगातार खराब प्रदर्शन के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत (कॉमर्शियल) व नोडल अधिकारी एके प्रभाकर के बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने को स्पष्टीकरण तलब किया। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैश बोर्ड की रैंकिंग सुधारें, अन्यथा अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय होगी। ह्दय रोग संस्थान मेडिकल कॉलेज में ऑफिसर मेस, नर्सिंग ऑफिसर के लिए 32 नए फ्लैट के निर्माण कार्य की प्रगति पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई। इस वजह से रैंकिंग प्रभावित होने की बात सामने आई। लापरवाही पर डीएम ने उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) के अधिशासी अभियंता लखनऊ प्रखंड के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ दीक्षा जैन, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी ईशा शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।