शिवली। सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पहले ऑनलाइन माध्यम से योगासन की प्रतियोगिता कराई गई। शुक्रवार रात आए परिणाम में बालिका वर्ग में मैथा ब्लॉक की सरैया लालपुर परिषदीय स्कूल की छात्रा प्रांजुल फाइनल में पहुंचीं हैं। बेटी की सफलता पर अभिभावक बेहद खुश हैं।
कोरोना आपदा की वजह से प्रदेश स्तरीय योगासन प्रतियोगिता ऑनलाइन कराई गई। बालिका वर्ग की योगासन प्रतियोगिता 14 जून को आयोजित हुई थी। शुक्रवार की रात परिणाम घोषित किया गया। इसमें मैथा ब्लॉक के सरैंया लालपुर परिषदीय स्कूल की कक्षा सात की छात्रा प्रांजुल का चयन फाइनल के लिए हो गया। स्कूल के योग शिक्षक कृष्ण बिहारी अग्निहोत्री ने बताया कि प्रांजुल का रुझान योगाभ्यास की तरफ रहा है।
उसने सभी आसनों को अच्छी तरह से सीखा है। प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन पर पूरे प्रदेश में चयनित कुल बीस छात्राओं में वह शामिल है। फाइनल प्रतियोगिता अब 20 जून को ऑनलाइन माध्यम से होगी। इधर प्रांजुल ने योग शिक्षक व माता पिता को सफलता का श्रेय दिया है। छात्रा की सफलता पर पिता प्रमोद कुमार व मां नीलम देवी बेहद खुश हैं।