पुलिस की गिरफ्त में प्रधान के पति और समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में होलिका दहन के दौरान बची लकड़ी को उठाने का विरोध करने पर सोमवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। देर रात पहुंची पुलिस टीम पर ग्राम प्रधान के पति ने आठ साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों से हमला बोल फायरिंग कर दी।
पुलिस कर्मियों ने किसी तरह जान बचाई। उप निरीक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर प्रधान पति सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ग्राम गढ़ी में होलिका दहन के बाद बची लकड़ी को ग्राम प्रधान के पति खलिकुर्रहमान अपने चालक से उठवाकर उसके घर में रखवा रहा था।
ये देखकर गांव निवासी राजबहादुर ने आपत्ति जताई तो प्रधान के पति ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान प्रधान के समर्थक एकत्र हो गए और प्रधान पति ने फायरिंग शुरू कर दी। विवाद की सूचना राजबहादुर ने यूपी 112 पर दी तो टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज ने थाने के उप निरीक्षक रमेश सिंह सेंगर को पुलिस टीम के साथ गांव भेजा।
गांव में पहुंचते ही प्रधान के पति ने साथियों के साथ पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। समर्थकों ने पुलिस को निशाना बनाया। पुलिस कर्मियों को लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया और फायरिंग की। इसकी सूचना पर और पुलिस बल गांव भेजा गया। मौके से प्रधान के पति खलिकुर्रहमान, यूनुस पुत्र कादिर, अनवार और फहीम पुत्रगण अमजद, मुख्तार अली पुत्र रहमान, बबलू पुत्र रामस्वरूप, अंशुल पुत्र रामशंकर और श्यामजी पुत्र शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से एक लाइसेंसी बंदूक, 15 कारतूस, छह खोखे भी बरामद किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि उप निरीक्षक रमेश सिंह सेंगर की तहरीर पर गिरफ्तार आठ लोगों के विरुद्ध बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा राजबहादुर की तहरीर पर ग्राम प्रधान के पति खलिकुर्रहमान, यूनुस, अनवर और रहीम के विरुद्ध मारपीट और अनुसूचित जाति उत्पीड़न का मामला भी दर्ज हुआ है।