भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के अस्तियां गांव में तीन माह पहले संदिग्ध हालात
में युवक की मौत हो गई थी। मौत के खुलासे के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी
के आदेश पर अधिकारियों की निगरानी में कब्र से लाश निकलवाई गई।
भोगनीपुर
के उपजिलाधिकारी घनश्याम ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर नायब तहसीलदार
लालचंद्र, कोतवाल अनिलकुमार की मौजूदगी में लाश को कब्र से निकलवाया गया।
वीडियोग्राफी कराई गई है। तीन डाक्टरों की टीम कैमरे की निगरानी में
पोस्टमार्टम करेगी। एतिहात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है।
भोगनीपुर
कोतवाली क्षेत्र के अस्तिया गांव में तीन माह पहले संदिग्ध हालात में मृत
युवक की लाश शुक्रवार को कब्र से निकलवाई गई। जिलाधिकारी के आदेश पर
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कराई गई थी।
अस्तिया गांव निवासी मकसूद ने बताया कि बीती 10 अक्तूबर की रात
उसका पुत्र मारूफ (22) गांव में ही ताहिर के दरवाजे तड़फता हुआ मिला था।
उसे पुखरायां कसबे के एक प्राइवेट डाक्टर की सलाह पर कानपुर के एक नर्सिंग
होम ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान रात में ही उसकी मौत हो गई।
अगले दिन
गांव के कब्रिस्तान में शव दफना दिया गया। बाद में सुराग लगा कि ताहिर की
पत्नी नगमा, पुत्री रौनक व भांजा अजीतमल-औरैया के सेंगनपुर निवासी शारिक ने
मारपीट कर उसे जहर खिलाया था। रौनक के परिजनों ने मारूफ से 25,000 रुपये
उधार लिये थे। रुपए हड़पने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया। गत 11
दिसंबर को भोगनीपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।