कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह व एसपी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी एआरओ, एसडीएम, बीडीओ व प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी एसडीएम को तहसीलवार दस दस आदर्श मतदान केंद्र बनाने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में पंचायत चुनाव की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रत्याशियों के नामांकन, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना को व्यवस्थित तरीके से कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में दिक्कत न हो इसके लिए अलग से व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराने और कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए हर मतदान केंद्र पर मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था करने को कहा। यहां एसपी केशव कुमार चौधरी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। नामांकन स्थलों की निगरानी सीओ हर समय करेंगे। बैठक में एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल आदि रहे।
23 अप्रैल तक बसें उपलब्ध न कराने पर होगी एफआईआर
कानपुर देहात। पंचायत निर्वाचन कार्य के लिए 548 बसों की दरकार है। प्रशासन को 298 बसें मिल गई हैं। जबकि 250 बसों की और जरूरत है। इसके लिए मालिकों को नोटिस दी गई है।
करीब 70 प्राइवेट बसें खराब खड़ी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वाहन मालिकों को खराबी दुरुस्त कराकर बसें/वाहन प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि जो वाहन मालिक 23 अप्रैल तक बसें उपलब्ध नहीं कराएंगे उन पर एफआईआर कराई जाएगी। चुनाव के लिए सभी प्राइवेट बसों व स्कूली बसों का अधिग्रहण कर लिया गया है। कहा कि किसी भी परिस्थिति में जिले में एआरटीओ कार्यालय में पंजीकृत बसों को निर्वाचन कार्य से कोई छूट अनुमन्य नहीं होगी।