कालपी। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर तहसीलदार तथा कृषि अधिकारियों की टीमों के द्वारा उर्वरक की दुकानों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दुकानों में खाद के सैंपल भरने की कार्रवाई की गई।
तहसीलदार बलराम गुप्ता के द्वारा महेवा किसान सेवा सहकारी समिति कालपी में हो रही उर्वरक की बिक्री की जांच की। इस दौरान उन्होंने समिति परिसर में उपस्थित किसानों से बातचीत की। तहसीलदार ने स्टॉक रजिस्टर तथा बिक्री रजिस्टर एवं अभिलेखों का निरीक्षण करके मिलान किया। जिसमें कई अधूरे मिलें। तहसीलदार ने समिति के सचिव प्रभूनाथ को रिकॉर्ड दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया। इसी क्रम में कृषि अधिकारी परितोष मिश्रा तथा विभागीय लिपिक अभिलाख सिंह की टीम ने नगर में स्थित किशोर खाद भंडार, पुरवार खाद भंडार, गुप्ता खाद भंडार, तिलक खाद भंडार समेत आठ खाद की दुकानों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान कृषि अधिकारी ने दुकानों में यूरिया तथा डीएपी खाद का स्टाक चेक किया। अभिलेखों से स्टाक का मिलान किया गया। कृषि अधिकारीने डीलरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में ओवर रेटिंग में खाद का वितरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अगर कोई भी विक्रेता ओवर रेट में खाद बेचते मिला तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। कृषि अधिकारी ने जानकारी देते हुए अवगत कराया है कि दो दुकानों में डीएपी खाद के सैंपल भर कर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजा गया है। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।