तीन घंटे तक आगरा-झांसी की बसें न मिलने पर किया हंगामा
आगरा, झांसी और कई रूटों के लिए तीन घंटे तक रोडवेज बसें न मिलने पर पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने झकरकटी बस अड्डे पर रविवार को जमकर हंगामा किया। पीछे वाला गेट बंद कराकर धरने पर बैठ गए, जिसकी वजह से काफी देर तक अंदर की बसें बाहर नहीं निकल सकीं। काफी संख्या में अभ्यर्थी जीटी रोड की ओर पहुंच गए, जिससे जाम की स्थिति बन गई। करीब दो घंटे तक एक तरह से यातायात ठप सा हो गया। आठ बजे अतिरिक्त फोर्स के साथ एडीसीपी दक्षिण पहुंची और युवाओं को समझाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस भर्ती की सुबह की परीक्षा देकर लौटने वाले अभ्यर्थियों को तीन घंटे तक आगरा, झांसी, शिकोहाबाद, टूंडला जाने वाली बसें नहीं मिलीं। एक या दो बसें आती तो वह भी गेट के बाहर से ही फुल होकर चली गईं। इधर, शाम की पाली की परीक्षा समाप्त हुई। एकदम से अभ्यर्थी झकरकटी बस अड्डे पहुंच गए। शाम साढ़े छह बजे तक आगरा जाने के लिए एक भी बस नहीं आई, तो अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। तीन घंटे से बसें न मिलने पर पीछे वाले गेट को बंद कराकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर एडीसीपी अंकिता शर्मा मौके पर आईं। उन्होंने अभ्यर्थियों को शांत कराया। एक एक कर बसें निकलवाई गईं। जिला प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने 10 बसें आगरा रूट के लिए भिजवाने के निर्देश दिए। इसके बाद करीब आठ बजे मामला शांत हुआ।
आगरा रूट के लिए कई बसें लगवाई गई हैं। कुछ बसें रास्ते में होने की वजह से देरी हुई। किदवईनगर और विकासनगर डिपो से बसें भिजवाई गई हैं। - अनिल कुमार, आरएम, यूपीएसआरटीसी
आगरा की बसें न मिलने से झकरकटी बस अड्डे और जीटी रोड पर भीड़ एकत्रित हो रही थी। जिला प्रशासन के निर्देश पर 10 अतिरिक्त बसें चलवाईं गई। - अंकिता शर्मा, एडीसीपी साउथ, पुलिस कमिश्नरी