कानपुर। कोतवाली पुलिस निवेश के नाम पर हुई करीब 1500 करोड़ की ठगी के आरोपी रवींद्रनाथ सोनी के मामले में रेसलर खली को नोटिस तामील नहीं करा सकी है। वह काकादेव और बिरहाना रोड में रेस्टोरेंट के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने शहर आए थे। कोतवाली पुलिस जब नोटिस लेकर पहुंची तो उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से संदेशा भिजवाया कि उनके पास समय और मामले से जुड़ी जानकारी नहीं है। पुलिस का ईमेल पहले ही मिला था लेकिन बाहर होने की वजह से जवाब नहीं दे सके। ईमेल का जल्द ही जवाब दिया जाएगा।
कोतवाली पुलिस ने नवंबर 2025 में क्षेत्र के कारोबारी से 49.29 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली के रवींद्रनाथ सोनी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि रवींद्रनाथ सोनी ने 2022-23 में दुबई में ब्लूचिप कंपनी खोलकर कई देशों के लोगों से निवेश कराया। लगभग 1500 करोड़ की ठगी की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कोतवाली में कई और एफआईआर दर्ज हुईं। ब्लूचिप कंपनी के प्रमोशनल कार्यक्रम में अभिनेता साेनू सूद और रेसलर खली शामिल हुए थे।
कोतवाली पुलिस ने दोनों को ई-मेल से नोटिस भेजा। सोनू सूद ने अपने अधिवक्ता की ओर से जवाब दिया जबकि खली की ओर से जवाब नहीं आया था। इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि खली के आने की जानकारी हुई थी। उन्हें नोटिस तामील कराने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके अधिवक्ता ने फोन के माध्यम बताया कि खली के पास अभी मामले के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उनके पास समय भी नहीं है। जल्द ही पुलिस को जवाब दिया जाएगा। फिर भी यदि पुलिस बुलाती है तो शहर आएंगे।