मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरी झंडी दिखाने के साथ न्यू भाऊपुर जंक्शन से ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कारीडोर का शुभारंभ हो गया। वर्चुअल माध्यम से किए इस शुभारंभ के अवसर पर दो इंजन और 118 डिब्बों की मालगाड़ी दौड़ पड़ी।
न्यू भाऊपुर से न्यू खुर्जा जंक्शन तक 351 किलोमीटर लंबे कारीडोर पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू हो गया। इसकी शुरुआत होने से कानपुर नगर व देहात के व्यापारियों व किसानों को फायदा मिलेगा। न्यू भाऊपुर जंक्शन स्टेशन के अलियापुर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रेलमंत्री पीयूष गोयल भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
पहली मालगाड़ी के संचालन की जिम्मेदारी स्टेशन मास्टर मृत्युंजय मिश्रा ने संभाली। जबकि पहली मालगाड़ी यातायात निरीक्षक उपेंद्र सिंह, लोको निरीक्षक दिनेश कुमार सागर व पीएस शर्मा लेकर गए। कार्यक्रम में कानपुर के सांसद सत्यदेव पचौरी, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले, अकबरपुर रनियां की विधायक प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद की विधायक निर्मला संखवार शामिल हुईं।
यहां अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। संबोधन में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मालभाड़ा कारीडोर शुरू होने से कानपुर नगर, कानपुर देहात के व्यापारियों व किसानों को ट्रांसपोर्ट सहूलियत मिलेगी। सीधे ट्रक से माल मालगाड़ी में लोड करने की सुविधा मिलने से समय और श्रम दोनों बचेगा।
प्रधानमंत्री द्वारा मालभाड़ा कारीडोर के शुभारंभ को एलईडी स्क्रीन पर मौजूद लोगों ने देखा। यहां पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, डायरेक्टर प्रोजेक्ट डीएफसीसी अंशुमान शर्मा, जनरल मैनेजर अतुल खरे, जीएम सिग्नल सतीश कुमार, डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, एसपी केशव कुमार चौधरी, एसडीएम मैथा रामशिरोमणि, योगराज राजपूत, अजीत पाल, रिंकू सिंह भदौरिया, प्रद्युम्न शुक्ल, ब्रजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों में खुशी, जताई विकास की उम्मीद
दुग्ध संघ के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मालभाड़ा कारीडोर बनने और न्यू भाऊपुर स्टेशन बनने से कानपुर शहर व कानपुर देहात के किसानों व व्यापारियों को लाभ होगा। देश के अन्य बाजारों तक आसानी से माल पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण अंकित दुबे ने बताया कि योजना में सीधे ट्रक से मालगाड़ी के डिब्बे में माल शिफ्ट कराने की सुविधा से समय और श्रम दोनों की बचत होगी। आसपास के लोगों को रोजगार मिलेगा। ग्रामीण विपिन शर्मा कहते हैं कि कारीडोर क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ग्रामीण पवन राजपूत ने बताया कि कारीडोर शुरू होने से व्यापार बढ़ेगा। इससे क्षेत्र के विकास की उम्मीद है।