बड़े महानगरों की तर्ज पर अब कुछ रईस कनपुरिया भी अपने निजी जहाज चकेरी एयरपोर्ट परिसर में पार्क कर सकेंगे। इन उद्योगपतियों के लिए चकेरी एयरपोर्ट परिसर में पार्किंग देने की व्यवस्था की जा रही है जहां इन उद्योगपतियों के निजी जहाज पार्क हो सकेंगे।
ऐसा कानपुर में पहली बार होने जा रहा है। चकेरी एयरपोर्ट परिसर में जहाजों की पार्किंग (एप्रॉन) का स्थान बढ़ाया जा रहा है। इसी बढ़ाए गए स्थान पर कानपुर के रईसों के जहाज पार्क होंगे।
लैंडमार्क के मालिक दीपक कोठारी, लोहिया ग्रुप के राजकुमार लोहिया ने अपने जहाजों के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी से एयरपोर्ट परिसर में जगह मांगी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार इसमें जेके ग्रुप का नाम भी शामिल हो सकता है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी चकेरी के निदेशक वीके झा के अनुसार अभी तक एयरपोर्ट पर जहाजों की पार्किंग का स्थान 91 बाई 30 है। अब इसे बढ़ाकर 91 बाई 120 मीटर किया जा रहा है। इससे कानपुर के प्रमुख लोगों के निजी जहाजों को आसानी से पार्क किया जा सकेगा।
एक रात का किराया होगा पांच हजार
निजी जहाजों को पार्क करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी जहाज के मालिकों से किराया वसूलेगा। एक रात के लिए पार्क करने का किराया पांच हजार रुपये प्रस्तावित है। अभी किसी निजी जहाज को यहां रात में रुकने की इजाजत नहीं है।
निजी विमानों को पार्क करने के लिए संबंधित उद्यमियों से एयरपोर्ट अथॉरिटी की बात चल रही है। इन लोगों की तरफ से प्रपोजल काफी समय पहले आया था जिसका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही यह दिल्ली से फाइनल होकर आ जाएगा। आगे की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर शुरू की जाने वाली है।
- वीके झा निदेशक एयरपोर्ट अथॉरिटी