कानपुर देहात। प्रयागराज से दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप बुधवार तड़के कानपुर-इटावा हाईवे पर ट्रक से टकराने के बाद डिवाइडर से चढ़कर पलट गई। हादसे में 15 श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां दो घायलों की मौत हो गई।
कुंभ स्नान कर एक पिकअप श्रद्धालुओं को लेकर दिल्ली जा रही थी। बुधवार तड़के 3:30 बजे के करीब कानपुर-इटावा हाईवे पर रनियां थाना क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के पास पहुंचने पर चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रहे पिकअप से टकराने के बाद डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। हादसे में पिकअप सवार सभी 15 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने हाईवे कंट्रोल और पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची रनियां और अकबरपुर थाना पुलिस ने घायलों को निकाल कर मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में भर्ती कराया। डॉ. श्रीप्रकाश ने दया देवी (50) पत्नी दिलीप पासवान निवासी मिलकीचक बलिया, बेगूसराय बिहार व पिकअप के चालक ध्यानी साहू (48) पुत्र हजारी निवासी मकान नंबर- 64 छाजू राय कॉलोनी कमरुद्दीन नगर नांगलोई वेस्ट दिल्ली, मूल निवासी मथोल दरभंगा बिहार को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी पर तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, सीएमओ डॉ. एके सिंह, सीएमएस डॉ. खालिद रिजवान व नायब तहसीलदार रवींद्र मिश्रा अस्पताल पहुंचे। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने घायलों को इमरजेंसी से इलाज करा कर अलग अलग वार्ड में भर्ती कराया। सीओ अकबरपुर प्रिया सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम कराया गया है। पिकअप को थाने में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
...................
यह श्रद्धालु घायल
हादसे में पिकअप सवार अरविंद मंडल (38), मनीषा (27), गोलू (8), अंशिका (4) निवासी बोलिया थाना मनिहारी कटिहार बिहार, रमेश (38), उनकी पत्नी सोनम (32), बेटी रिया (12), बेटा नीलेश (10) निवासी कुंभा पट्टी थाना बहादुरपुर खगड़िया बिहार, प्रिंस (40) निवासी नांगलोई दिल्ली, आरती (15) निवासी बोलिया, मंजू देवी (28) निवासी मथोल दरभंगा बिहार, सावित्री देवी (40) निवासी शिवसारी बिठौली दरभंगा बिहार, अंबावती (35) निवासी भट्ट केसरी थाना जलालपुर छपरा बिहार घायल हो गए। इन सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। मेडिकल कॉलेज में घायल एक दूसरे का हाल चाल जानने के लिए परेशान रहे। वहीं कई घायल दर्द से कराते रहे।
...................
बिहार के मूल निवासी, दिल्ली में रहते हैं
हादसे में घायल व मृतक मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। सभी दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर रहकर काम करते हैं। मृतक दया देवी की बेटी सोनम ने बताया कि पिकअप में सवार सभी लोग पड़ोसी हैं। एक दूसरे को जानते हैं। ध्यानी साहू दिल्ली में रह कर गाड़ी चलाते थे। उनके कहने पर सभी रविवार की शाम कुंभ में स्नान के लिए गए थे। मंगलवार शाम सात बजे के करीब सभी दिल्ली के लिए निकले थे। रास्ते में एक जगह चालक ने गाड़ी रोकी। इसके बाद समय से दिल्ली पहुंचने के लिए वह गाड़ी चलाते रहे। रनियां के पास पहुंचने पर हादसा हो गया।
.................
बेटी से मिलने आई थी मां, हमेशा के लिए बिछड़ गई...
मां दया देवी की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती सोनम सिसकियां भरती रहीं। आंखों के सामने मां की मौत पर वह काफी देर तक गुमसुम रहीं। जब डॉक्टरों ने जानकारी की तो वह भाई प्रियांश के बारे में बार-बार पूछती रहीं। सोनम ने बताया कि एक सप्ताह पहले मां बिहार से उनसे मिलने दिल्ली आई थीं। दिल्ली में सोनम के साथ उनका भाई प्रिंस भी रहता है। वह प्राइवेट नौकरी करता है। वह बार-बार यह कह कर बिलखती रही कि मां उनसे मिलने आईं थीं और हमेशा के लिए बिछड़ गईं।
.............
पति की मौत पर बदहवाश रही मंजू
पिकअप चालक ध्यानी साहू को मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, कमर में चोट होने के बाद भी पत्नी मंजू बार बार पति का हाल जानने के लिए उठने की कोशिश करती रहीं। जब उन्हें पता चला कि पति की मौत हो गई तो वह बदहवाश हो गईं। रोते बिलखते मंजू ने बताया कि उसके दो बच्चे चंदन व चांदनी हैं। वह दोनों को दिल्ली में छोड़कर पति के कहने पर कुंभ गई थीं।
.............
पिकअपक की चेसिस में फंस गया था चालक
हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पिकअप के पीछे सवार लोगों को पहले निकाला और मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। इसके बाद आगे बैठे चार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। मगर चालक ध्यानी फंसा रहा। पुलिस के मुताबिक जिस तरह पिकअप आगे से क्षतिग्रस्त हुई है, उससे अनुमान लगाया जा सकता है कि पिकअप की रफ्तार 100 किमी प्रतिघंटा से अधिक रही होगी। अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चालक फंस गया और उसे करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन से निकाला गया।
..............
वर्जन..............
हादसे में घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया जा रहा है। घायल श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं। घायलों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रशासन स्तर पर मदद की जाएगी।
- आलोक सिंह, जिलाधिकारी
फोटो-25-हाईवे किनारे खड़ी दुर्घटनाग्रस्त पिकअप। संवाद
फोटो-26-ध्यानी साहू की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
फोटो-27-मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में घायलों से जानकारी लेते सीएमओ डॉ. एके सिंह व सीएमएस डॉ. खालिद रिजवान अहमद। संवाद
फोटो-28-मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती घायल। संवाद