कछौना (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम शराब के ठेके पर हंगामे की सूचना पर पहुंचे दो सिपाहियों पर कार सवार चार लोगों ने पूछताछ करने पर गोलियां चला दीं। दो गोलियां लगने से एक सिपाही घायल हो गया। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद पुलिस कार सवारों की तलाश में जुट गई। दो घंटे बाद बघौली थाना क्षेत्र में मिले कार सवारों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। कार सवार एक युवक पुलिस की गोली से घायल हुआ है। उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी कई थानों के पुलिस बल के साथ कछौना में ही मौजूद हैं।
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर कछौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ज्ञानपुर के निकट पेट्रोल पंप है। इसके पास ही अंग्रेजी शराब और बीयर का ठेका है। सोमवार शाम पांच बजे ठेके पर हंगामे की सूचना पर कछौना कोतवाली के सिपाही कौशलेंद्र गुर्जर और महिपाल कुमार बाइक से मौके पर पहुंचे। पता चला कि पास में ही कार में बैठे लोग हंगामा कर रहे थे। इस पर कार सवार लोगों से कौशलेंद्र ने पूछताछ शुरू की तो पीछे की ओर बैठे एक युवक ने सिपाही कौशलेंद्र पर गोली चला दी।
इसके बाद चार फायर और किए। एक गोली सिपाही कौशलेंद्र के दाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली सीने कोे रगड़ते हुए बाएं हाथ में जा लगी। मौके पर भीड़ एकत्र होने पर कार सवार भाग गए। कौशलेंद्र को कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस सबके बीच एसपी आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर पुलिस टीम अलर्ट कर दी। शाम सात बजे बघौली थाना क्षेत्र में कार सवार लोगों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। घटना में गोली लगने से शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी संदीप सिंह घायल हो गया और उसके एक साथी को भी पकड़ लिया गया। संदीप को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के साथियों की तलाश कर रही है।