उन्नाव जिले में असोहा थाना क्षेत्र के बजरंगखेड़ा गांव में रंजिश के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता की हमलावरों ने डंडों व ईंट से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।
असोहा थाना क्षेत्र के बजरंगखेड़ा गांव में 25 जुलाई 2020 को गांव के श्रीकृष्ण पासी व रामलाल लोधी के परिजनों के बीच मारपीट हुई थी। श्रीकृष्ण की ओर से रामलाल उसके बेटे सत्यनारायण व परिवार के चंदू के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
रविवार दोपहर लगभग 3 बजे श्रीकृष्ण पक्ष के लोगों ने रामलाल के बेटे सत्यनारायण पर डंडे व धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। पुत्र के बचाव में पहुंचे पिता 60 वर्षीय रामलाल की हमलावरों ने डंडों व ईंट से वारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।मौके पर एएसपी विनोद कुमार पांडेय व सीओ पुरवा रमेशचंद्र ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।