सैफई (इटावा)। पैरा मेडिकल विज्ञान महाविद्यालय के छात्र ने हॉस्टल में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को कमरे में गद्दे के नीचे से दो पेज का सुसाइट नोट मिला है। पुलिस के मुताबिक छात्र अवसाद में था।
रायबरेली के थाना जगतपुर पोस्ट खुदई निवासी करुणानिधि शर्मा (22) ने पैरामेडिकल प्रथम वर्ष का छात्र था। उसे हॉस्टल के ब्लॉक नंबर पांच में कमरा नंबर 206 आवंटित था। सोमवार शाम छुट्टियां समाप्त होने पर वह करुणानिधि हॉस्टल पहुंचा था। मंगलवार शाम वह कमरे में ही था। भाई नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे करुणानिधि से बात हुई थी। उसने हॉस्टल पहुंचने की जानकारी दी थी। सुबह उसने भाई को फोन लगाया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।
शाम चार बजे उसने करुणानिधि के मित्र भानु निवासी गाजियाबाद को फोन करके उसके बारे में पूछा।
भानू करुणा के कमरे में पहुंचा तो वह अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर उसने बगल के कमरे में रहने वाले छात्र प्रवीण कुमार निवासी गोरखपुर से जानकारी की। साथियों ने रोशनदान से झांक कर देखा तो करुणानिधि पंखे के सहारे फंदे पर लटका था। इस पर जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गई।
कुछ देर बाद ही एसडीएम सैफई रामदयाल, प्रभारी निरीक्षक सैफई रमेश सिंह, पीजीआई चौकी इंचार्ज केके यादव मौके पर पहुंचे। धक्का देकर दरवाजा खोला गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सतपाल सिंह और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शाम को डीएम अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि करीब दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसे फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लिया है। छात्र के अवसाद के कारण खुदकुशी करने की बात सामने आई है। जल्द ही उसकी परीक्षा शुरू होने वाली थी।