चोरों ने 80 हजार में बुक किया था ट्रक
इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिसमें कंटेनर नजर आया। पुलिस को उसके आधार पर चोरों का पीछा किया। डीसीपी पश्चिम आरती सिंह ने बताया कि निकिल लदे ट्रक के दिल्ली और फिर हिसार की ओर ले जाने की जानकारी हुई। ट्रक के मालिक से संपर्क किया गया, तो पता चला कि इसको चोरों ने 80 हजार रुपये में बुक किया है। पुलिस ने भिवानी के खड़क खुर्द गांव के कृष्ण सिंह, हिसार के अलीपुर ईश्वर सिंह, भिवानी के खड़क खुर्द गांव के राजकुमार, दिल्ली के सोनिया विहार के विनय शुक्ला और रोहतक के भैणी महाराजपुर के सुमित ऊर्फ मित्ती को गिरफ्तार किया।
बादशाह की तलाश कर रही है पुलिस
पूछताछ में पता चला कि गिरोह का सरगना रोहतक के भैणी महाराजपुर निवासी संदीप लोहार है। उसपर रोहतक, जींद, हांसी समेत अन्य जिलों में चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस संदीप लोहार के साथ उसके भाई मंदीप लोहार व काला लोहर, हिसार के बाहशाहपुर के सोनू और भिवानी के जतई गांव के बादशाह की तलाश कर रही है।
2800 सीसीटीवी कैमरों से मिली सफलता
डीसीपी आरती ने बताया कि चोरों ने ट्रक और कंटेनर का जीपीएस सिस्टम हटा दिया ताकि उनके बारे में किसी को जानकारी न मिल सके। कानपुर, दिल्ली और हरियाणा के 2800 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। पहला सुराग पनकी औद्योगिक क्षेत्र में ही मिला। यहां चोरों के कंटेनर से माल को क्रेन और हाइड्रा की मदद से उतारने की फुटेज मिली। इनके मालिक और चालकों से जानकारी जुटाई तो कड़ियां जुड़ती चली गईं।
संदीप और कृष्णा ने की थी बाइक से रेकी
पार्क में चोरी से पहले चार दिन तक संदीप और कृष्णा ने रेकी की थी। दोनों बाइक से संवेदनशील क्षेत्र में आए और वहां की रेकी करके निकल गए। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के लिए गिरोह के सदस्यों ने डेढ़ माह तक क्षेत्र की निगरानी की थी। लॉजिस्टिक पार्क के सुरक्षाकर्मियों से उनकी जान पहचान की जांच की जा रही है।
व्हॉट्सएप के जरिए करते थे बात
डीसीपी ने बताया कि आरोपी व्हॉट्सएप कॉल के जरिए ही बातचीत करते थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमों के अलावा साइबर टीम को भी लगाया गया था। नए तरीके से डेटा हासिल किए गए। हरियाणा के गैंग के पहले भी चोरी के प्रयास की जानकारी मिली है। उसकी भी जांच कराई जाएगी।