पंचायत चुनाव को लेकर कानपुर जोन के जनपदों में पुलिस की सख्ती जारी है। अब तक कानपुर आउटर के अलावा अन्य आठ जिलों के 48 हजार लोग पाबंद किए जा चुके हैं। इन सभी को दो से पांच लाख तक के मुचलके पर पाबंद किया गया है।
चुनाव में किसी न किसी तरह से ये खलल डाल सकते हैं, इसलिए इन पर कार्रवाई की गई। एडीजी जोन भानु भास्कर ने गुरुवार को अब तक की कार्रवाई का ब्योरा जारी किया। उन्होंने बताया कि 95 अपराधियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। इसके अलावा 69 पर गैंगस्टर और 52 अपराधी जिलाबदर किए गए।
380 अराजक तत्वों पर कार्रवाई हुई। 33 अवैध शस्त्रों की बरामदगी के अलावा फरार 382 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। इनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी थे। एडीजी जोन बताया कि जोन के जिले कानपुर आउटर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, झांसी, ललितपुर और जालौन में कुल 5405 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराये गए हैं।