कानपुर में किदवईनगर के जूही लाल कॉलोनी निवासी सलमा आफरीन (34) की पीट-पीटकर हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 50 चोटों के निशान मिले हैं। वहीं सिर पर गंभीर चोट लगना मौत का कारण बना। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पति, देवर और बड़ी ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
बेकनगंज के हीरामनपुरवा निवासी सलमा का निकाह वर्ष 2006 में शाह आलम उर्फ फजल अहमद से हुआ था। बड़े भाई मोहम्मद अकमल ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन बहन को दहेज कम लाने का उलाहना देकर मारपीट करते थे।
आरोप है कि सोमवार को सलमा के पति ने अपनी बड़ी बहन शकीला के इशारे पर भाई बादशाह, राजा, मुन्ना बहन शकीला, बेबी, किरन व बबली के साथ मिलकर उसकी पिटाई की फिर गला दबाकर मार डाला। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को सलमा की आंख, पीठ, समेत शरीर के अन्य हिस्सों में 50 से अधिक चोटें मिलीं हैं।
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि सलमा के भाई की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पति, देवर और बड़ी ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्चों को मां से रखते थे दूर
भाई अकमल ने बताया कि सलमा के चार बच्चे कौनन, जोया, कारदरीन व एक छह माह की बच्ची है, लेकिन कोई भी बच्चा आजतक ननिहाल नहीं आया। अकमल ने अनहोनी की आशंका जताते हुए चार बच्चों को उनके पास भेजने की अपील की है। थानाप्रभारी ने बताया कि घर पर ताला बंद है। बच्चों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चारों बच्चों को उसके मामा के सुपुर्द कर दिया जाएगा।