Kanpur News: धोखाधड़ी के मामले पुलिस ने एक प्रसिद्ध मीठी सुपारी ब्रांड के मालिक और बिल्डर को गिरफ्तार किया है। बुधवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कानपुर में धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक प्रसिद्ध मीठी सुपारी ब्रांड के मालिक और बिल्डर राजेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सिविल लाइंस निवासी नरेंद्र सिंह ने सितंबर 2021 में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली में आजाद नगर निवासी संजीव अरोड़ा, खास बाजार निवासी राजेंद्र कुमार गुप्ता व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
कहा था कि संजीव अरोड़ा ने पटकापुर स्थित अपनी संपत्ति एसबीआई बिरहाना रोड शाखा में बंधक रखकर ऋण लिया था। ऋण न चुका पाने के कारण बैंक ने संपत्ति की नीलामी की जिसे नरेंद्र ने 25 लाख रुपये में खरीद लिया। जब नरेंद्र संपत्ति देखने पहुंचे तो पता चला कि बिल्डर राजेंद्र कुमार गुप्ता पहले ही संजीव से वह जमीन खरीदकर उस पर फ्लैट बनाकर करोड़ों रुपये में फ्लैट बेच चुका है।
नरेंद्र को रजिस्ट्री ऑफिस में जानकारी करने पर पता चला कि बैंक में संपत्ति के बंधक रहने के बावजूद फर्जीवाड़ा कर संजीव ने राजेंद्र को 14 लाख रुपये में संपत्ति बेच दी थी। अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए राजेंद्र हाईकोर्ट से अरेस्ट स्टे ले आया था। बाद में जुलाई 2023 में राजेंद्र के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट भेज दी गई थी, लेकिन राजेंद्र कोर्ट में समर्पण नहीं कर रहा था। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। मंगलवार रात को कोतवाली पुलिस ने राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया था, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।